
शादी में गए दो भाइयों के सूने घर में चोरी: कुल्हाड़ी से दरवाजा तोड़कर घुसे चोर, बच्चों का गुल्लक तक नहीं छोड़ा
दुर्ग जिले के कैलाश नगर में उस समय सनसनी फैल गई जब दो भाई शादी में परिवार सहित बाहर गए और लौटकर आए तो घर का ताला टूटा मिला। जामुल थाना क्षेत्र में हुई इस चोरी की वारदात में अज्ञात चोरों ने कुल्हाड़ी से मेन गेट का लॉक तोड़कर घर में प्रवेश किया और सोने-चांदी के जेवर तथा नकदी मिलाकर करीब 1 लाख 80 हजार रुपए का माल पार कर दिया। चोरों ने घर में बच्चों का गुल्लक तक फोड़कर उसमें रखे पैसे भी निकाल लिए।
घटना 21 से 26 नवंबर के बीच की है। कैलाश नगर निवासी राहुल गुप्ता और उनके भाई राजकुमार गुप्ता अपने परिवारों के साथ आरंग में होने वाली शादी में शामिल होने गए थे। पांच दिनों तक घर खाली था। 26 नवंबर को सुबह करीब 10 बजे वे लौटे तो मुख्य गेट का ताला टूटा दिखा। अंदर पहुंचे तो कमरों की आलमारियों के ताले उखड़े हुए थे और सारा सामान बिखरा पड़ा था।

चोरों ने दोनों भाइयों के घरों में चोरी की। राहुल गुप्ता के घर से सोने की चेन, झुमके, ईयरटॉप्स, चांदी के सिक्के, चांदी की चेन और 40,000 रुपए नकद पर हाथ साफ किया। वहीं राजकुमार गुप्ता के कमरे से सोने की चेन, ईयरटॉप्स, 4 सोने की फुल्ली, 5 जोड़ी चांदी की पायल और 80,000 रुपए नकद चोरी हुआ।

बताया जा रहा है कि चोर अपने साथ टंगिया (कुल्हाड़ी) लेकर आए थे। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में दो से अधिक संदिग्ध दिख रहे हैं। राहुल ने जामुल थाना में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
