Advertisment
Durg–Bhilai

Bhilai Wife Kills Husband: सिलबट्टे से सिर पर वार कर पति की हत्या, पत्नी ने भेजा था जेल, जमानत के बाद फिर हुआ विवाद, इसलिए मार डाला

छत्तीसगढ़ के भिलाई में घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां एक महिला ने अपने पति की सिलबट्टे से हमला कर हत्या कर दी। घटना छावनी थाना क्षेत्र के कैंप-2 स्थित दुर्गा पारा, वार्ड नंबर 35 की है। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।

मृतक की पहचान डोमन साहू (40) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पत्नी का नाम हीरामणी साहू (35) है। दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और उनके दो बच्चे एक बेटा और एक बेटी भी हैं। पड़ोसियों के अनुसार, घर में आए दिन झगड़ा होता था, जिसका असर बच्चों पर भी पड़ रहा था।

जानकारी के मुताबिक, 19 अप्रैल को हीरामणी ने अपने पति के खिलाफ जामुल थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इस पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 170 के तहत डोमन साहू को गिरफ्तार कर एसडीएम कोर्ट में पेश किया था, जहां से उसे जमानत मिल गई।

बताया जा रहा है कि जमानत पर छूटने के बाद रविवार शाम को डोमन घर लौटा और पत्नी द्वारा पुलिस में शिकायत किए जाने को लेकर विवाद करने लगा। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और गुस्से में आकर हीरामणी ने सिलबट्टे से उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया।

सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण डोमन साहू की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सुपेला अस्पताल भेजा गया।

पुलिस ने आरोपी पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद और पूर्व शिकायत को घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Back to top button