
KBC की हॉट सीट तक पहुंचीं सरगुजा की शिक्षिका: 25 लाख के सवाल पर रुकीं, 12.5 लाख जीतकर लौटीं; अमिताभ बच्चन को भेंट किया गुलाब
छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के दरिमा क्षेत्र की रहने वाली शिक्षिका विभा चौबे ने देश के सबसे लोकप्रिय क्विज शो कौन बनेगा करोड़पति (KBC) में शानदार प्रदर्शन करते हुए हॉट सीट तक का सफर तय किया। वे 12.5 लाख रुपए जीतने में सफल रहीं, जबकि 25 लाख रुपए के सवाल पर उत्तर को लेकर असमंजस में रहने के कारण उन्होंने गेम क्विट कर दिया।
विभा चौबे दरिमा हायर सेकेंडरी स्कूल में पदस्थ हैं और वे सरगुजा जिले से KBC की हॉट सीट तक पहुंचने वाली पहली महिला प्रतिभागी बनी हैं। उन्होंने बताया कि KBC में पहुंचना उनका लगभग 25 साल पुराना सपना था। वर्ष 2000 में जब KBC की शुरुआत हुई थी, तभी से उन्होंने तय कर लिया था कि किसी न किसी सीजन में वे इस मंच तक जरूर पहुंचेंगी।

इस सीजन में उन्हें सोनी टीवी की ओर से कॉल आया। इसके बाद चयन की कई कठिन प्रक्रियाओं और चरणों को पार करते हुए वे KBC के मंच तक पहुंचीं। ‘फास्टेस्ट फिंगर फर्स्ट’ राउंड में क्वालीफाई कर उन्होंने हॉट सीट पर अपनी जगह बनाई।
KBC सीजन 17 में पूछे गए सवालों का आत्मविश्वास के साथ जवाब देते हुए विभा चौबे 12.5 लाख रुपए तक पहुंचीं। 25 लाख के सवाल पर जोखिम न लेते हुए उन्होंने खेल छोड़ने का फैसला किया। उन्होंने जानकारी दी कि उनका यह एपिसोड 31 दिसंबर और 1 जनवरी को प्रसारित किया जाएगा, जिसका प्रोमो भी जारी हो चुका है।
अपने अनुभव साझा करते हुए विभा चौबे ने कहा कि KBC के मंच पर पहुंचना ही अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने शो के होस्ट अमिताभ बच्चन की जमकर तारीफ की और कहा कि वे बेहद सरल और विनम्र व्यक्तित्व के हैं। उनसे मिलकर ऐसा नहीं लगता कि सामने सदी के महानायक खड़े हैं। विभा ने अमिताभ बच्चन को गुलाब का फूल भेंट किया और उनके लिए एक कविता भी सुनाई।
विभा चौबे ने अपनी सफलता का श्रेय परिवार को भी दिया। उन्होंने बताया कि इस सफर में उनके पति परमेंद्र चौबे का विशेष सहयोग रहा, जो मैनपाट के एक मिडिल स्कूल में हेडमास्टर के पद पर कार्यरत हैं।