National NewsPolitics

RSS की तारीफ पर कांग्रेस में हलचल: राहुल गांधी ने दिग्विजय से कहा- आपने गलत किया; पोस्ट पर घिरी कांग्रेस, BJP ने बताया संगठन की ताकत की पहचान

राहुल गांधी ने RSS और भाजपा की सराहना को लेकर दिग्विजय सिंह पर सार्वजनिक रूप से आपत्ति जताई है। यह वाकया रविवार को दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय इंदिरा भवन में कांग्रेस स्थापना दिवस के कार्यक्रम के दौरान सामने आया। कार्यक्रम में दोनों नेताओं की मुलाकात के दौरान राहुल गांधी ने मजाकिया अंदाज में दिग्विजय सिंह से कहा— “कल आपने गलत कर दिया।” इस टिप्पणी पर वहां मौजूद नेता हंस पड़े, वहीं सोनिया गांधी भी मुस्कुराती नजर आईं।

दरअसल, 27 दिसंबर को दिग्विजय सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पुरानी तस्वीर साझा की थी, जिसमें नरेंद्र मोदी और लालकृष्ण आडवाणी दिखाई दे रहे हैं। इस पोस्ट में उन्होंने RSS और BJP के संगठनात्मक ढांचे की सराहना करते हुए इसे संगठन की ताकत बताया था। इसके बाद कांग्रेस के भीतर ही उनके बयान को लेकर नाराजगी सामने आई।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बिना नाम लिए कहा कि कांग्रेस ने कभी संविधान, धर्मनिरपेक्षता और गरीबों के अधिकारों से समझौता नहीं किया। वहीं पवन खेड़ा और सांसद मणिक्कम टैगोर ने दिग्विजय सिंह के बयान की कड़ी आलोचना की।

विवाद बढ़ने पर दिग्विजय सिंह ने सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने सिर्फ संगठन की क्षमता की बात की है, न कि विचारधारा का समर्थन। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे RSS, प्रधानमंत्री मोदी और उनकी नीतियों के विरोधी हैं। दूसरी ओर भाजपा नेताओं ने इस बयान को सराहा। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और भाजपा नेता प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि दिग्विजय सिंह ने RSS की संगठनात्मक शक्ति को पहचाना है, जिसे कांग्रेस अब भी समझ नहीं पा रही।

Related Articles

Back to top button