
BJP राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के बयान को लेकर की गई ऑनलाइन शिकायत खारिज: झीरम घाटी घटना से जुड़ा मामला पहले से न्यायालय में विचाराधीन, जांजगीर थाना ने आवेदक को ऑनलाइन दी जानकारी
जांजगीर-चांपा जिले मे भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा द्वारा जीराम घाटी की घटना को लेकर दिए गए वक्तव्य के संबंध में की गई एक ऑनलाइन शिकायत को पुलिस ने खारिज कर दिया है। यह निर्णय जांच और विधिक स्थिति की समीक्षा के बाद लिया गया।
जानकारी के अनुसार, आवेदक रायपुर के ब्राह्मणपारा आजाद चौक निवासी विकास तिवारी ने दिनांक 01 जनवरी 2026 को थाना जांजगीर, जिला जांजगीर-चांपा में एक ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उल्लेख किया गया था कि दिनांक 22 दिसंबर 2025 को पुलिस ग्राउंड जांजगीर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा द्वारा झीरम घाटी में घटित घटना के संबंध में दिए गए वक्तव्य पर वैधानिक कार्रवाई की जाए।

थाना जांजगीर द्वारा शिकायत में वर्णित तथ्यों की जांच की गई। जांच में पाया गया कि झीरम घाटी की घटना को लेकर पूर्व में थाना दरभा, जिला बस्तर में अपराध पंजीबद्ध किया जा चुका है। इस प्रकरण की जांच केंद्रीय जांच एजेंसी द्वारा की जा चुकी है तथा वर्तमान में मामला माननीय न्यायालय में विचाराधीन है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, चूंकि आवेदक द्वारा प्रस्तुत शिकायत भी उसी विषयवस्तु से संबंधित थी, जिस पर पहले से विधिक प्रक्रिया प्रचलित है, इसलिए शिकायत को नियमानुसार खारिज किया गया है। इस संबंध में आवेदक को ऑनलाइन माध्यम से सूचना भी दे दी गई है।