
कोरबा में निर्माणाधीन बाउंड्री वॉल गिरी: जेसीबी के धक्के से हादसा, 2 साल के बच्चे की मौत, दो गंभीर घायल
कोरबा जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत लक्ष्मण बन तालाब स्थित काली मंदिर के पास शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। निर्माणाधीन फ्लैट की बाउंड्री वॉल का एक हिस्सा जेसीबी के धक्के से अचानक ढह गया। इस घटना में दो साल के एक मासूम बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में एक मोटरसाइकिल और एक सवारी ऑटो भी क्षतिग्रस्त हो गई।
जेसीबी से मलबा हटाते समय हुआ हादसा
घटना शुक्रवार शाम करीब 6 बजे की है। लक्ष्मण बन तालाब के पास एक फ्लैट का निर्माण कार्य चल रहा था। फ्लैट के पिछले हिस्से में बनी बाउंड्री वॉल के दूसरी ओर जेसीबी मशीन से मलबा और रेत हटाने का काम किया जा रहा था। इसी दौरान जेसीबी का जोरदार धक्का लगने से बाउंड्री वॉल का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया।

मलबे में दबने से मासूम की मौत
हादसे के समय वहां से कुछ लोग गुजर रहे थे और पास में एक बच्चा खेल रहा था। दीवार गिरने से वे सभी मलबे की चपेट में आ गए। मलबे में दबने से स्थानीय निवासी दो वर्षीय बालक धनेश कर्ष की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं संजू कर्ष (20 वर्ष) और विशाल यादव (18 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए।
बाइक और ऑटो भी क्षतिग्रस्त
दीवार गिरने से पास में खड़ी एक सवारी ऑटो और एक युवक की मोटरसाइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए और घायलों को मलबे से बाहर निकालने में मदद की।
पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा
सूचना मिलने पर कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक मोतीलाल पटेल अपने स्टाफ के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। वरिष्ठ अधिकारियों को भी घटना की जानकारी दी गई। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

घायल विशाल यादव ने बताया कि हादसे के वक्त 4 से 5 लोग मौके पर बैठे या खड़े थे। अचानक दीवार गिर गई और सभी मलबे में दब गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें बाहर निकाला गया।
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे में एक बच्चे की मौत हुई है और दो लोग घायल हुए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

