Raipur

छत्तीसगढ़ मे पेपर लीक के बाद 12वीं हिन्दी परीक्षा रद्द: 10 अप्रैल को दोबारा होगी परीक्षा, छात्रों को फिर देना होगा एग्जाम, जांच में लीक की पुष्टि, FIR के बाद लिया गया फैसला

छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) ने कक्षा 12वीं की हिन्दी परीक्षा को निरस्त कर दिया है। मंडल के आदेश के अनुसार 14 मार्च 2026 को आयोजित यह परीक्षा अब अमान्य मानी जाएगी और इसे पुनः 10 अप्रैल 2026 को आयोजित किया जाएगा। इस फैसले के बाद छात्रों को हिन्दी विषय की परीक्षा दोबारा देनी होगी।

दरअसल, 15 और 16 मार्च को सोशल मीडिया तथा कुछ समाचार पत्रों में हिन्दी विषय के सेट ‘बी’ का प्रश्नपत्र लीक होने की खबरें सामने आई थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए मंडल ने तत्काल जांच शुरू कराई। इस संबंध में साइबर थाने को लिखित सूचना दी गई और सिटी कोतवाली में एफआईआर भी दर्ज कराई गई।

जांच के बाद 23 मार्च 2026 को मंडल की परीक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर परीक्षा रद्द करने का निर्णय लिया गया। मंडल ने यह भी स्वीकार किया है कि प्रश्नपत्र लीक होने की पुष्टि हुई है।

मंडल द्वारा जारी नई समय-सारणी के अनुसार हिन्दी विषय की परीक्षा अब 10 अप्रैल 2026 को सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षार्थियों को सुबह 9:00 बजे तक परीक्षा केंद्र में प्रवेश करना अनिवार्य होगा। 9:05 बजे उत्तर पुस्तिकाएं वितरित की जाएंगी, 9:10 बजे प्रश्नपत्र दिए जाएंगे और 9:15 बजे से उत्तर लेखन शुरू होगा।

मंडल ने छात्रों को निर्देशित किया है कि वे संशोधित समय-सारणी का पालन करते हुए अपनी तैयारी करें। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि आवश्यकता पड़ने पर परीक्षा की तिथि और समय में बदलाव किया जा सकता है। यदि परीक्षा दिवस पर कोई अवकाश घोषित होता है, तब भी परीक्षा निर्धारित समय पर ही आयोजित की जाएगी।

Related Articles

Back to top button