Advertisment
Bilaspur

Bilaspur Police Slap Case: ASI ने थाने में BJP कार्यकर्ता को जड़े 20 थप्पड़, अपने केस की जानकारी मांगने गया था, VIDEO वायरल, अब सस्पेंड

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़ा करने वाला मामला सामने आया है। रतनपुर थाने में एक ASI द्वारा बीजेपी कार्यकर्ता को कथित तौर पर कई थप्पड़ मारने का वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के बाद एसएसपी रजनेश सिंह ने आरोपी ASI को सस्पेंड कर दिया है और उसके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की गई है।

जानकारी के मुताबिक, बनियापारा निवासी विनोद जायसवाल 12 अप्रैल को अपने एक पुराने मामले की जानकारी लेने रतनपुर थाने पहुंचे थे। दोपहर करीब 2:30 बजे उनकी मुलाकात ASI दिनेश तिवारी से हुई। विनोद ने अपने केस की स्थिति और जांच रिपोर्ट कोर्ट में प्रस्तुत करने के संबंध में जानकारी मांगी, जिस पर ASI कथित तौर पर भड़क गया।

आरोप है कि ASI ने गाली-गलौज करते हुए विनोद को लगातार 15 से 20 थप्पड़ जड़ दिए। पीड़ित का कहना है कि मारपीट के दौरान ASI ने धमकी दी कि “बहुत बड़ा नेता बनता है, तेरी नेतागिरी निकाल दूंगा, जेल भिजवा दूंगा।” इस घटना के दौरान थाने में अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद थे।

मारपीट के बाद विनोद के कान में दिक्कत और सिरदर्द की शिकायत सामने आई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि जांच रिपोर्ट कोर्ट में पेश करने के बदले उनसे पैसे की मांग भी की गई थी।

ASI दिनेश तिवारी

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी और ट्रेनी आईपीएस अंशिका जैन ने पूरे मामले से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। इसके बाद एसएसपी रजनेश सिंह ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ASI दिनेश तिवारी को निलंबित कर दिया और जांच के आदेश दिए।

वहीं, पीड़ित की शिकायत पर संबंधित थाने में ही ASI के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो थाने के भीतर लगे सीसीटीवी का है, जो किसी पुलिसकर्मी द्वारा ही बाहर लीक किया गया है।

विनोद जायसवाल का स्थानीय राजनीति और कारोबार से भी संबंध बताया जा रहा है। वह पूर्व में कोयला कारोबार से जुड़ा रहा है और खुद को स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का करीबी एवं रिश्तेदार बताता है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Related Articles

Back to top button