
कोरबा के बांधाखार पावर प्लांट में ट्रांसफार्मर ब्लास्ट, VIDEO: भीषण आग से 300 मेगावाट उत्पादन ठप, दमकल ने दो घंटे में पाया काबू, लाखों के नुकसान का अनुमान
कोरबा जिले के मारुति क्लीन कोल बांधाखार पावर प्लांट में गुरुवार देर रात ट्रांसफार्मर ब्लास्ट के बाद भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। हादसे के चलते प्लांट की 300 मेगावाट यूनिट से बिजली उत्पादन पूरी तरह ठप हो गया है। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 1:45 बजे प्लांट के पावर ट्रांसफार्मर में अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। धमाके की आवाज से आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल बन गया। प्लांट में तैनात सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल प्रबंधन और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
सूचना मिलते ही चाकाबुड़ा स्थित एसीबी प्लांट से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक ट्रांसफार्मर पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था।

हादसे के बाद 300 मेगावाट यूनिट का उत्पादन पूरी तरह बंद हो गया है। प्रारंभिक आकलन में लाखों रुपये के नुकसान की बात सामने आ रही है, हालांकि कंपनी की ओर से अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

सूत्रों के मुताबिक प्लांट में वैकल्पिक रूप से दूसरा पावर ट्रांसफार्मर उपलब्ध है, जिसके जरिए जल्द ही उत्पादन बहाल करने की तैयारी की जा रही है। तकनीकी टीम नुकसान का आकलन कर रही है और हादसे के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है।


