
रेलवे ट्रैक काटकर चोरी करने वाला सक्रिय कबाड़ गिरोह बेनकाब: पुलिस को देखकर पिकअप छोड़कर भागे आरोपी; 2 लाख का माल जब्त, गैस कटर, सिलेंडर और कटिंग टूल भी मिले
कोरबा जिले मे पुलिस ने देर रात एक बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे संपत्ति की चोरी में लिप्त सक्रिय कबाड़ गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस को रात में एक संदिग्ध पिकअप वाहन की लगातार आवाजाही की सूचना मिली थी। इस आधार पर टीम ने इलाके में घेराबंदी की। जैसे ही पेट्रोलिंग टीम मौके के करीब पहुंची, करीब आधा दर्जन कबाड़ चोर पिकअप वाहन छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर उसकी तलाशी ली, जिसके बाद टीम भी दंग रह गई। मामला बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र का है।
पिकअप से मिला कटे हुए रेलवे ट्रैक का माल
वाहन क्रमांक CG 10 AZ 4376 की तलाशी में पुलिस को बड़े-बड़े कटे हुए रेलवे ट्रैक के टुकड़े, गैस कटर, गैस सिलेंडर, लोहे काटने के उपकरण व अन्य औजार बरामद हुए। बरामद कबाड़ की कीमत लगभग 2 लाख रुपये आंकी गई है। ASI नंदलाल टंडन ने बताया कि पुलिस को देखते ही आरोपी गाड़ी छोड़कर फरार हो गए। उनकी तलाश जारी है।
रेलवे सुरक्षा पर बड़े सवाल
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह सुनसान स्थानों पर रेलवे लाइन काटकर इन्हें कबाड़ बाजार में बेचने की फिराक में था। सबसे बड़ा सवाल यह है कि रेलवे ट्रैक तक काट दिए गए और इसकी जानकारी रेलवे विभाग तक को नहीं लगी, जो सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। यह लापरवाही यात्रियों की सुरक्षा के साथ बड़ी दुर्घटना की आशंका भी बढ़ाती है।
गिरोह का सरगना चिह्नित, कई और नाम सामने आने की संभावना
जानकारी के मुताबिक, कबाड़ गिरोह का सरगना धरम सिंह राजपूत है, जिसके खिलाफ पहले से भी कई मामले दर्ज हैं। पुलिस की जांच में इस अवैध नेटवर्क में कई और लोगों की संलिप्तता की आशंका है।
कबाड़ कारोबार पर प्रशासन के दावों की पोल खुली
जिले में कबाड़ व्यवसाय को लेकर कार्रवाई के दावे किए जाते रहे हैं, लेकिन शहर में आज भी कई कबाड़ दुकानें खुलेआम संचालित हो रही हैं। यह घटना साफ करती है कि कबाड़ माफिया अब भी सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं।
पुलिस ने दर्ज किया अपराध
पुलिस ने जब्त सामग्री को सुरक्षित रखकर रेलवे एक्ट सहित अन्य धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। जांच जारी है और पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। वही बांकीमोगरा पुलिस की यह कार्रवाई कबाड़ माफिया के नेटवर्क पर एक बड़ी चोट मानी जा रही है।


